🔸उद्घाटन सत्र में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय ने पढ़ाया अनुशासन का पाठ
सीवान: भारतीय जनता पार्टी , सीवान का तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर जिले के सीवान सदर प्रखंड के अमलोरी स्थित बैकुंठ शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के परिसर में शुक्रवार को जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय की अध्यक्षता में दीप प्रज्वलन के साथ ही शुरू हो गया है।

इस मौके पर बिहार भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व राज्य सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया है। इस मौके पर पूर्व सांसद व बिहार भाजपा के उपाध्यक्ष ओमप्रकाश यादव, विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह, पूर्व विधायक व्यास देव प्रसाद, पूर्व विधायक रामायण मांझी, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रोफेसर अभिमन्यु सिंह, जिला महामंत्री प्रदीप कुमार रोज व हरेंद्र सिंह कुशवाहा सहित कई नेता उपस्थित थें। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राजेश श्रीवास्तव ने किया।
इस मौके पर उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मंत्री मंगल पाण्डेय ने कार्यकर्ताओं
को समय की पाबंदी और अनुशासन के महत्व के बारे में समझाया है। पाण्डेय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने आत्मनिर्भर भारत निर्माण का जो लक्ष्य निर्धारित किया है उसके लिए बहुत जरूरी है कि इसके नेता और कार्यकर्ता अनुशासित तथा समय के पाबंद हों। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान पार्टी की ओर से दिए गए दिशा-निर्देश पत्थर की लकीर होनी चाहिए जिस पर बेहिचक पार्टी पदाधिकारियों को चलना होगा। इसके अलावा 2014 में केंद्र की सत्ता पर भारतीय जनता पार्टी के आरूढ़ होने के बाद सरकार की दूरदर्शी नीतियों की वजह से देश भर में बदले राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के बारे में भी मंगल पाण्डेय ने विस्तार से बताया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम के लक्ष्य के साथ पार्टी आगे बढ़ रही है और जमीनी तौर पर सांगठनिक मजबूती इसमें सबसे कारगर कदम होगा।
इस मौके पर जिला महामंत्री राजेश श्रीवास्तव ने बताया इस प्रशिक्षण शिविर में उप मुख्यमंत्री रेणु देवी, मंत्री मंगल पाण्डेय सहित मंत्री जनक राम, पूर्व केंद्रीय मंत्री सांसद रामकृपाल यादव, पूर्व मंत्री राणा रणधीर सिंह, विधायक जनक सिंह व पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव का मार्गदर्शन सीवान के कार्यकर्ताओं को मिलने वाला है।
उल्लेखनीय हो कि इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में
जिला कार्यसमिति के सदस्य, सभी मंच, मोर्चा के जिलाध्यक्ष व जिला महामंत्री एवं सभी मंडलों के अध्यक्ष व महामंत्री शामिल हैं।