- कोलकाता पुलिस ने जारी किया दुर्गा पूजा गाइड मैप
कोलकाता, 08 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में होने वाली ऐतिहासिक दुर्गापूजा पंडालों तक पहुंचने के लिए कोलकाता पुलिस ने आधिकारिक गाइड मैप को शुक्रवार जारी कर दिया है। लाल बाजार स्थित पुलिस मुख्यालय में पुलिस आयुक्त सोमेन मित्रा ने इस गाइड मैप को जारी किया है। उन्होंने बताया कि इस मैप में कोलकाता के सभी बड़े दुर्गा पूजा पंडालों के मैप, वहां तक पहुंचने के रास्ते और अन्य जानकारियां उपलब्ध कराई गई हैं। पंडाल के अंदर प्रवेश और निकासी बिंदुओं के अलावा अलग-अलग चौराहों और महानगर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस पोस्ट की भी जानकारी इस मैप में दी गई है। मित्रा ने कहा कि महामारी के बीच पूजा हो रही है। कोलकाता पुलिस लोगों की सुविधाओं के लिए पूरे शहर में ड्यूटी करेगी लेकिन आम लोगों को भी सजग रहना होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जारी कोरोना रोधी सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन अनिवार्य है और जिम्मेदार नागरिक के तौर पर लोगों को मास्क आदि पहनकर ही बाहर निकलना होगा। इसके अलावा शारीरिक दूरी के प्रावधानों का पालन और एक दूसरे की मदद के लिए भी मित्रा ने लोगों से अपील की है।