राज्य सरकार से मिली सुरक्षा छोड़ रहे हैं दिलीप घोष
कोलकाता, 05 अक्टूबर । भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष ने राज्य सरकार से मिली हुई सुरक्षा छोड़ दी है। मंगलवार को यह जानकारी उन्होंने खुद दी। कोलकाता में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि राज्य के गृह विभाग को उन्होंने पत्र लिखकर इस बारे में जानकारी दे दी है। दिलीप घोष ने बताया कि वह भाजपा के राज्य अध्यक्ष थे तब उन्हें राज्य सरकार की ओर से नियमानुसार दो सशस्त्र पुलिसकर्मी सुरक्षा के लिए मिले थे। अब पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बना दिया है। संगठन के काम के सिलसिले में उन्हें राज्य से बाहर रहना पड़ सकता है। ऐसे में राज्य पुलिस की सुरक्षा लेकर घूमना ठीक नहीं है। उन्होंने बताया कि वह राज्य के गृह विभाग को इस बारे में पत्र लिख चुके हैं और सुरक्षा छोड़ने की जानकारी दी है।
घोष ने कहा कि वह चाहते हैं कि इस संबंध में उनकी केंद्रीय सुरक्षा जो पहले से ही मिली हुई है वह बरकरार रहे।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रहते हुए दिलीप घोष पर कई बार हमले हो चुके हैं जिसे लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उन्हें वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराई है। अब उनकी जगह बालूरघाट से सांसद सुकांत मजूमदार को प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष बना दिया गया है लेकिन घोष की सुरक्षा बरकरार है।