बंगाल में भाजपा को एक और झटका, रायगंज से विधायक कृष्ण कल्याणी ने छोड़ी पार्टी
कोलकाता, 01 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी को एक और झटका लगा है। रायगंज से विधायक कृष्ण कल्याणी ने पार्टी छोड़ दी है। रायगंज से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री देवश्री चौधरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने पार्टी छोड़ने की घोषणा शुक्रवार को की। मीडिया से मुखातिब कल्याणी ने कहा कि जहां देवश्री चौधरी हैं वहां रहकर काम करना उनके लिए संभव नहीं है इसलिए वह भाजपा छोड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि अपना इस्तीफा राज्य नेतृत्व को भेज दिया है।
सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस अथवा दूसरी पार्टी में जाने की संभावनाओं के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि रायगंज के लोगों के पक्ष में वह हमेशा से काम करते रहे हैं और आगे भी करेंगे। इसके लिए जो भी जरूरी होगा वह करेंगे। हालांकि उन्होंने तृणमूल कांग्रेस में जाने की संभावनाओं को खारिज नहीं किया जिसके बाद अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह भी भाजपा छोड़ने वाले बाकी नेताओं की तरह तृणमूल की सदस्यता लेंगे।
कल्याणी ने कहा कि देवश्री चौधरी ने चुनाव के दौरान उन्हें हराने की साजिश रची। लंबे समय से रायगंज के लोगों के बीच रहे हैं और लोग उन्हें भली-भांति जानते हैं। चौधरी नई आई हैं और उन्हें अपने इशारे पर नचाना चाहती हैं जो उनके लिए संभव नहीं है। कृष्ण कल्याणी ने कहा कि उन्होंने अपनी शिकायतें राज्य के शीर्ष नेतृत्व को बताई थी लेकिन उसके निपटान के लिए कोई पहल नहीं की गई इसलिए मजबूरन उन्हें पार्टी छोड़नी पड़ रही है।
उल्लेखनीय है कि अप्रैल महीने में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद से ही कृष्ण कल्याणी के तेवर बगावती रहे हैं। खासकर तब से जब मुकुल रॉय ने भारतीय जनता पार्टी छोड़कर तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया था। तब कल्याणी सार्वजनिक मंच से पार्टी की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करने लगे थे। इसके पहले भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने देवश्री चौधरी पर उन्हें हराने के लिए साजिश रचने का आरोप लगाया था। उन्होंने यह भी कहा था कि केंद्रीय मंत्रिमंडल से हटाए जाने के बाद दे चौधरी अपना मानसिक संतुलन खो बैठी हैं जिसका जवाब देते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा था कि वह 32 सालों से पार्टी में हैं जबकि कल्याणी नए आए हैं। उन्हें कृष्ण कल्याणी से यह सीखने की जरूरत नहीं है कि संगठन को कैसे चलाया जाता है।