प्रियंका टिबरेवाल ने मदन मित्रा पर लगाया ईवीएम बंद करने का आरोप, तृणमूल का पलटवार
कोलकाता, 30 सितंबर (हि.स.)। राजधानी कोलकाता की बहुचर्चित भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी के खिलाफ भाजपा उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल गुरुवार सुबह मतदान के साथ ही पूरे क्षेत्र का दौरा कर रही हैं। उन्होंने विधायक मदन मित्रा पर साजिश के तहत ईवीएम मशीन बंद करने का आरोप लगाया है और दावा किया है कि वे अपने दल बल के साथ मतदान केंद्र पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार डरी हुई है। सुबह से ही जगह-जगह गैरकानूनी तरीके से भीड़ एकत्रित की जा रही है और भारतीय जनता पार्टी के पोलिंग एजेंट को डराया धमकाया जा रहा है। हालांकि तृणमूल कांग्रेस ने इस पर पलटवार किया है। ममता कैबिनेट में मंत्री और कोलकाता के प्रशासक फिरहाद हकीम ने कहा है कि भवानीपुर में भारतीय जनता पार्टी के संगठन की ताकत नहीं है इसलिए वे बेबुनियाद बातें करके हार का बहाना ढूंढ रहे हैं।
वार्ड नंबर 72 के मतदान केंद्र पर प्रियंका टिबरेवाल ने आरोप लगाया कि मदन मित्रा ने जानबूझकर यहां वोटिंग मशीन को बंद कर दिया। वह बूथ पर कब्जा करना चाहते हैं।
टिबरेवाल ने कहा, “हम निष्पक्ष चुनाव के लिए आशान्वित हैं। सुरक्षा बहुत महत्वपूर्ण है। हम इलाके में मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। राज्य सरकार इस समय डरी हुई है।” हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश