बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को केंद्र ने दी जेड श्रेणी की सुरक्षा
कोलकाता, 25 सितंबर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की जिम्मेवारी मिलते ही बालूरघाट से सांसद सुकांत मजूमदार की सुरक्षा केंद्र सरकार ने बढ़ा दी है। उन्हें जेड श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय के सूत्रों ने बताया है कि मजूमदार की सुरक्षा में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के 35 जवानों की तैनाती की गई है। दरअसल प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेवारी मिलते ही सुकांत मजूमदार ने कोलकाता के भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी के खिलाफ भाजपा उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल के पक्ष में प्रचार प्रसार शुरू कर दिया है। इस बीच दो बार वह पुलिस के बाधा का सामना कर चुके हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास के पास प्रचार के दौरान उन्हें तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने घेरकर नारेबाजी भी की थी। इसके अलावा पुलिस के साथ उनकी तीखी बहस भी हो चुकी है। इसीलिए उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शनिवार से जेड कैटेगरी की सुरक्षा मिल रही है। रविवार से पूरे 35 जवान उनकी सुरक्षा में रहेंगे। हालांकि एक बार में उनके साथ केवल 15 जवान सुरक्षा के लिए तैनात होंगी।
नियमानुसार सांसद के तौर पर उन्हें वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिल रही थी। लेकिन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की जिम्मेवारी मिलते ही उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।14 सितंबर को मजूमदार को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की घोषणा की गई थी। जबकि पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष को पार्टी ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बना दिया है। उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय से पीएचडी की डिग्री ले चुके सुकांत मजूमदार साफ-सुथरी छवि के नेता माने जाते हैं।l