कोलकाता, 08 जुलाई (हि.स.)। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली आज 49 साल के हो गए हैं। जन्मदिन के मौके पर उन्हें सुबह से ही बधाइयां मिल रही हैं। इस बीच विधानसभा का सत्र खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी उनसे मिलने सीधे उनके आवास पर जा पहुंची। दोनों के बीच करीब एक घंटे तक मुलाकात चली है। मुख्यमंत्री ने उनसे व्यक्तिगत तौर पर मुलाकात कर शुभकामनाएं दी है।
यह पहला मौका है जब ममता गांगुली के घर पर गई हैं। बताया जा रहा है कि सौरव गांगुली ने ममता को एक साड़ी भेंट की है। गांगुली और ममता की इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा का दौर शुरू हो गया है। विधानसभा चुनाव से पहले सौरव गांगुली भाजपा नेताओं के करीब थे जिसके बाद उनके पार्टी में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे थे। इस बीच दादा को हार्ट अटैक आ गया था और सभी राजनीतिक अटकलों पर विराम लगा था। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के उनके घर पहुंचने के बाद भी इसी तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
ममता और सौरव गांगुली की इस मुलाकात को बेहद महत्वपूर्ण बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि ममता बनर्जी और सौरव गांगुली के बीच बेहद अच्छे संबंध हैं। इस साल जनवरी में जब सौरव गांगुली को हार्ट अटैक हुआ था तब ममता उनका हालचाल लेने अस्पताल भी गई थीं। सौरव को बंगाल क्रिकेट संघ का अध्यक्ष बनाने में ममता की बड़ी भूमिका रही है। बीसीसीआई अध्यक्ष बनने के बाद गांगुली ने यह पद छोड़ दिया था। इसके पहले भी विभिन्न मौके पर मुख्यमंत्री दादा से फोन पर बात करती रही हैं लेकिन यह पहला मौका है जब उनके घर गई हैं। सूत्रों ने बताया है कि सौरभ की पत्नी और बेटी के साथ भी मुख्यमंत्री ने वक्त बिताया है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश