कोलकाता, 02 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली में सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता की शुभेंदु अधिकारी के साथ ‘बैठक’ को लेकर विवाद छिड़ गया है। हालांकि दोनों ने शुक्रवार को दावा किया कि उनकी मुलाकात नहीं हुई थी।
अब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने इन दोनों की मुलाकात से संबंधित सीसीटीवी फुटेज मांगा है। शुक्रवार को उन्होंने कहा है कि दोनों के बीच क्या बात हुई यह स्पष्ट की जानी चाहिए। हालांकि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने साफ किया है कि तुषार मेहता और शुभेंदु अधिकारी के मुलाकात का कोई साक्ष्य नहीं है। तृणमूल कांग्रेस झूठा दावा कर रही है।
तृणमूल के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भी शुक्रवार को ट्वीट किया। उन्होंने कहा कि तुषार शुभेंदु से मिलने के मामले को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने तुषार मेहता के कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज जारी करने की भी मांग की।