कोलकाता, 11 मार्च: नंदीग्राम में नामांकन दाखिल कर वापस लौटी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पैर में चोट लगने के बाद खुद पर हमले का दावा किया है। इसे लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज है और विपक्ष ने उन पर सहानुभूति बटोरने के लिए नाटक करने का आरोप लगाया है। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तंज कसते हुए घटना की सीबीआई जांच की मांग कर डाली है। गुरुवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने सुबह के समय मॉर्निंग वॉक पर मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि सीएम पर किसने हमला किया यह निश्चित तौर पर सामने आना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो राज्य की मुख्यमंत्री हैं और गृह मंत्री भी हैं उन पर हमले होते हैं। जो पूरी पुलिस की मालकिन हैं उन्हें पुलिस सुरक्षा नहीं दे पाती है। कथित हमले के बाद ममता बनर्जी पुलिस पर ही साजिश रचने का दावा कर रहे हैं तो यह बहुत बड़ी बात है। जब मुख्यमंत्री की यह स्थिति है तो साधारण लोग किस हालत में होंगे? इसलिए इसकी सच्चाई उजागर होने के लिए सीबीआई जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को जेड प्लस की विशेष सुरक्षा मिलती है बावजूद इसके सीएम को कैसे चोट लग गई, यह तभी पता चल सकेगा जब सीबीआई इस मामले की जांच करेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए ममता बनर्जी सहानुभूति बटोरने के लक्ष्य के साथ ड्रामा कर रही हैं।