कोलकाता, 25 फरवरी: पश्चिम बंगाल में चुनावी हिंसा का कैसा आलम है इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के उत्तर 24 परगना दौरे से पहले ही क्षेत्र में जमकर बमबारी हुई है। घटना जिले के भाटपाड़ा इलाके की है। यहीं के गौरीपुर इलाके में एक जूट मिल श्रमिक के घर दोपहर के समय भोजन करने का कार्यक्रम जेपी नड्डा का है। उसके पहले बुधवार रात इलाके के एक निवर्तमान भाजपा पार्षद के घर को लक्ष्य कर बमबारी की गई है। इसका आरोप सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस पर लगा है। हालांकि तृणमूल ने दावा किया है कि भाजपा कर्मियों ने उनके दफ्तर में बम फेंके हैं। प्रदेश भाजपा की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि भारतीय जनता पार्टी की नवदीप जॉन की यात्रा जो 6 फरवरी को शुरू हुई थी, वह आज यानी गुरुवार को उत्तर 24 परगना के भाटपाड़ा से होकर गुजरने वाली है। परिवर्तन यात्रा को संबोधित करने के लिए जेपी नड्डा आने वाले हैं। इसी का कार्यक्रम तय करने हेतु बुधवार रात भाजपा कर्मियों की बैठक चल रही थी जिसमें तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने बमबारी और लाठी डंडे से हमले शुरू कर दिए। आरोप है कि इसके बाद ही आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं ने तृणमूल कांग्रेस के दफ्तर में भी तोड़फोड़ किया। हमले की घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जैसे-तैसे हालात को संभाला है। दोनों ही पार्टियों के तीन चार लोग घायल बताए जा रहे हैं जिन्हें भाटपाड़ा स्टेट जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह बैरकपुर संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है जहां से भाजपा के दबंग नेता अर्जुन सिंह सांसद हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि ममता बनर्जी के इशारे पर राज्य भर में हिंसा हो रही हैं ताकि भारतीय जनता पार्टी के समर्थक और कार्यकर्ता डर जाएं लेकिन ऐसा होने वाला नहीं है। इस बार ममता बनर्जी को सत्ता से उखाड़ कर ही दम लेंगे। संभावित टकराव के मद्देनजर क्षेत्र में गुरुवार सुबह से ही अतिरिक्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।