लोक डेस्क, कोलकाता, 02 फरवरी। देशभर में कोविड-19 के खिलाफ चल रहे टीकाकरण के साथ ही पश्चिम बंगाल में मरीजों की संख्या लगातार कम हो रही है। मंगलवार को राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक राज्य में महज 5305 कोविड मरीज रह गए है़ं। पिछले 24 घंटे के दौरान 22307 लोगों के सैंपल जांचे गए हैं जिनमें से महज 203 लोग पॉजिटिव हुए हैं। इसकी वजह से इस महामारी की चपेट में आने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 05 लाख 70 हजार 380 पर पहुंची है। हालांकि पिछले 24 घंटों में 309 लोग स्वस्थ हुए हैं जिसके कारण स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 05 लाख 54 हजार 887 हो गई है।
एक दिन में 09 लोगों की मौत हुई है जिससे मृतकों की कुल संख्या 10188 पहुंची है। 24 घंटों के दौरान एक्टिव मरीजों की संख्या में 115 की कमी आई है जिसके कारण राज्य भर के अस्पतालों में इलाजरत मरीजों की संख्या गिर कर 5305 पर जा पहुंची है जो शुभ संकेत हैं। यहां रिकवरी रेट में भी लगातार बढ़त हो रही है। यह 97.28 फीसदी पर जा पहुंची है। हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक अब तक कुल 80 लाख 36 हजार 329 लोगों के सैंपल जांचे गए हैं।