लोक डेस्क, कोलकाता, 26 जनवरी। 72 वें गणतंत्र दिवस के मौके पर कोलकाता के रेड रोड पर तिरंगा ध्वजारोहण का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। यहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मौजूदगी में राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने झंडा फहराया है। खास बात यह है कि इस बार का गणतंत्र दिवस समारोह पश्चिम बंगाल सरकार ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को समर्पित किया है। कोविड-19 से बचाव के लिए आवश्यक उपायों के साथ कोलकाता के राजपथ पर टेबलो प्रदर्शनी शुरू हुई है जिसमें पश्चिम बंगाल सरकार की स्वास्थ्य साथी, सबूज साथी, कन्याश्री जैसी योजनाओं को शामिल किया गया है। रेड रोड पर निकाली गई प्रदर्शनी में नेताजी की प्रतिमा के साथ झांकी निकाली गई। गणतंत्र दिवस की सुबह में ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्विटर पर इस बात की जानकारी दे दी थी कि इस बार का गणतंत्र दिवस परेड नेताजी सुभाष चंद्र बोस को समर्पित होगा। सीएम ने लिखा था कि न्याय विचार, स्वाधीनता, समता और भातृत्व, संविधान के इन आदर्शों की रक्षा करने के लिए हमें लड़ाई लड़नी होगी। गणतंत्र दिवस के मौके पर सभी भारतीयों को अभिनंदन। आज कोलकाता में निकाली जाने वाली परेड देशनायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस को समर्पित होगा।
इधर कोविड-19 संकट को देखते हुए रेड रोड की परेड पर दर्शकों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया था। परेड स्थल के चारों और पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी थी ताकि कोई प्रवेश न कर सके। इस बार रेड रोड की परेड पर राज्य सरकार की ओर से 21 टेबलो प्रदर्शित किए गए हैं जिसमें नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा वाली टेबलो विशेष तौर पर आकर्षक रही है।