लोक डेस्क, कोलकाता, 25 जनवरी। पूरे देश के साथ पश्चिम बंगाल में भी कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण के शुरू होते ही नियमित तौर पर संक्रमित होने वाले मरीजों की संख्या लगातार घटती जा रही है। इसके साथ ही एक्टिव मरीजों की संख्या भी लगातार घटती जा रही है। सोमवार को राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक राज्य में महज 6151 कोविड मरीज रह गए है़ं। पिछले 24 घंटे के दौरान 18243 लोगों के सैंपल जांचे गए हैं जिनमें से महज 252 लोग पॉजिटिव हुए हैं। इसकी वजह से इस महामारी की चपेट में आने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 05 लाख 68 हजार 355 पर पहुंची है। हालांकि पिछले 24 घंटों में 417 लोग स्वस्थ हुए हैं जिसके कारण स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 05 लाख 52 हजार 082 हो गई है। एक दिन में 07 लोगों की मौत हुई है जिससे मृतकों की कुल संख्या 10122 पहुंची है। 24 घंटों के दौरान एक्टिव मरीजों की संख्या में 172 की कमी आई है जिसके कारण राज्य भर के अस्पतालों में इलाजरत मरीजों की संख्या गिर कर 6151 पर जा पहुंची है जो शुभ संकेत हैं। यहां रिकवरी रेट में भी लगातार बढ़त हो रही है। यह 97.14 फीसदी पर जा पहुंची है। हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक अब तक कुल 78 लाख 51 हजार 532 लोगों के सैंपल जांच गए हैं जिनमें से 7.24 फ़ीसदी मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं।
