लोक डेस्क, कोलकाता, 23 जनवरी। कोविड-19 महामारी के खिलाफ टीकाकरण के जरिए आखरी जंग पश्चिम बंगाल में धीमी गति से चल रही है। यहां शुक्रवार तक करीब 85000 लोगों का टीकाकरण किया गया है। राज्य स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने शनिवार को इसकी पुष्टि की है। बताया गया है कि पहले दिन 207 स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण की शुरुआत हुई थी जो अब बढ़कर 351 केंद्रों तक पहुंच गई है। कायदे से एक लाख से अधिक लोगों को अब तक टीका लगाया जाना चाहिए था लेकिन महज 84505 लोग ही अभी तक वैक्सीनेट हो सके हैं। इस बात के भी संकेत मिले हैं कि कई स्वास्थ्य कर्मी टीके पर फैलाई जा रही अफवाह की चपेट में हैं और टीकाकरण से निगाहें चुरा रहे हैं। शुक्रवार को एक दिन में करीब 30,000 से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण हुआ था।
स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को 35,100 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य था, हालांकि राज्यभर में 351 केंद्रों पर 30,517 लोगों को कोविशील्ड का टीका लगाया गया है। अधिकारी ने बताया कि मामूली प्रतिकूल प्रभाव के 11 मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इन 11 लोगों का स्वास्थ्य ठीक है।’’ अधिकारी ने बताया कि वह नर्स जिन्हें कोलकाता के एक अस्पताल में 16 जनवरी को टीका लगवाने के बाद सीसीयू में भर्ती करवाना पड़ा था, शुक्रवार को उन्हें भी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उक्त नर्स टीकाकरण के कुछ मिनट बाद बेहोश हो गई थीं।” उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को ही केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल के लिए कोविशिल्ड के बाद को वैक्सीन की एक लाख 60 हजार कोवैक्सीन भेजी है।