लोक डेस्क, कोलकाता, 22 जनवरी। पश्चिम बंगाल की राजनीतिक बिसात पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस को अपना बताने की होड़ में अब कांग्रेस भी शामिल हो गई है। 23 जनवरी को नेताजी जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता पहुंच रहे हैं जहां पराक्रम दिवस कार्यक्रम के तहत नेताजी से संबंधित कई आयोजनों में हिस्सा लेंगे। दूसरी ओर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आजादी के महानायक की प्रतिमा के पास से पदयात्रा करने की योजना बना ली है। अब इस मैदान में कांग्रेस भी कूद पड़ी है। पार्टी के बंगाल प्रभारी जितिन प्रसाद ने कहा है कि कांग्रेस सरकार में आएगी तो नेताजी सुभाष चंद्र बोस की “सबसे ऊंची” प्रतिमा बनाएगी। शुक्रवार को उन्होंने कहा, ‘भाजपा अब नेताजी के बारे में सोच रही है जब विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। गुजरात में सरदार वल्लभभाई पटेल की मूर्ति की तरह पिछले छह वर्षों में नेताजी की प्रतिमा का निर्माण क्यों नहीं हुआ? कांग्रेस अगर सत्ता में आती है तो नेताजी की सबसे ऊंची मूर्ति का निर्माण करेगी।’
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि बीजेपी राजनीतिक लाभ के लिए नेताजी की विरासत का उपयोग करने की कोशिश कर रही है। हालांकि उनकी नीतियों का पालन भाजपा ने कभी नहीं किया। उन्होंने कहा, ‘आजाद हिंद फौज में कई भारतीय समुदायों के लोग शामिल थे और उन्होंने उनके साथ समान व्यवहार किया। दूसरी ओर, भाजपा विभाजनकारी राजनीति करती है।’