लोक डेस्क, कोलकाता, 20 जनवरी। कोरोना महामारी के खिलाफ चल रहे टीकाकरण अभियान के साथ ही राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या भी लगातार घटती जा रही है। बुधवार को राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक राज्य में महज दो फीसदी कोविड मरीज रह गए है़ं। पिछले 24 घंटे के दौरान 27104 लोगों के सैंपल जांचे गए हैं जिनमें से महज 408 लोग पॉजिटिव हुए हैं। इसकी वजह से इस महामारी की चपेट में आने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 566482 पर पहुंची है जबकि पिछले 24 घंटों में 509 लोग स्वस्थ हुए हैं जिसके कारण स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 549727 हो गई है। एक दिन में 6 लोगों की मौत हुई है जिससे मृतकों की कुल संख्या 10080 पहुंची है। 24 घंटों के दौरान एक्टिव मरीजों की संख्या में 106 की कमी आई है जिसके कारण राज्य भर के अस्पतालों में इलाजरत मरीजों की संख्या गिर कर 6675 पर जा पहुंची है जो शुभ संकेत हैं। यहां रिकवरी रेट में भी लगातार बढ़त हो रही है। यह 97.04 फीसदी पर जा पहुंची है। हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक अब तक कुल 77 लाख 23 हजार 376 लोगों के सैंपल जांच गए हैं जिनमें से 7.33 फ़ीसदी मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं।
