कोलकाता, 19 जनवरी। कोरोना महामारी के खिलाफ चल रहे टीकाकरण अभियान के साथ ही राज्य में रिकवरी रेट में बढ़त बरकरार है। मंगलवार को राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक राज्य में महज दो फीसदी कोविड मरीज रह गए है़ं। पिछले 24 घंटे के दौरान 30034 लोगों के सैंपल जांचे गए हैं जिनमें से महज 412 लोग पॉजिटिव हुए हैं। इसकी वजह से इस महामारी की चपेट में आने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 566073 पर पहुंची है जबकि पिछले 24 घंटों में 513 लोग स्वस्थ हुए हैं जिसके कारण स्वस्थ होने वालों की कुल संख्या 549218 हो गई है।
एक दिन में 11 लोगों की मौत हुई है और मृतकों की कुल संख्या 10074 पहुंची है। 24 घंटों के दौरान एक्टिव मरीजों की संख्या में 112 की कमी आई है जिसके कारण राज्य भर के अस्पतालों में इलाजरत मरीजों की संख्या गिर कर 6781 पर जा पहुंची है जो शुभ संकेत हैं। यहां रिकवरी रेट में भी लगातार बढ़त हो रही है। यह 97.02 फीसदी पर जा पहुंची है। यानी राज्य में महज तीन फ़ीसदी कोरोना मरीज विभिन्न अस्पतालों में इलाजरत हैं। हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक अब तक कुल 76 लाख 96 हजार 272 लोगों के सैंपल जांच गए हैं जिनमें से 7.36 फ़ीसदी मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं।