लोक डेस्क, कोलकाता, 18 जनवरी। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को नंदीग्राम की जनसभा से दावा किया है कि उनकी पार्टी राज्य में 200 से अधिक सीटें जीतेगी। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर पश्चिम बंगाल में फर्जी खबर फैलाने का आरोप लगाया है। जनसभा में संबोधित करते हुए ममता ने कहा भाजपा गेम प्लान कर रही है। असली समीक्षा में इस बात का खुलासा हुआ है कि तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल में 200 से अधिक सीटें जीतेगी जबकि भाजपा को मात्र 51 सीटें मिलेंगी।
भारतीय जनता पार्टी के आईटी सेल पर फेक न्यूज फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे भेष बदलने वालों की मदद से तरह-तरह का नाटक तैयार कर बंगाल में फैला रहे हैं। फर्जी खबरें फैलाना उनकी आदत है जिस पर लोग भरोसा करते जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी इसके लिए हजार हजार करोड़ रुपये लगा रहे हैं। दुष्प्रचार फैलाया जा रहा है। इस पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सारे वीडियो और व्हाट्सएप पर विश्वास करने की जरूरत नहीं। इस दौरान ममता बनर्जी ने नंदीग्राम के लोगों को कई आश्वासन भी दिया। सीएम ने कहा कि हल्दिया के लिए जोड़ा योजनाओं के बारे में वह सोच रही हैं जिसमें यहीं के युवा युवतियों को रोजगार मिलेगा।